Monday, 4 April 2022

अंतू से अमेठी दोहरीकरण के बाद दोहरे रेलवे ट्रैक पर शुरू हुआ ट्रेनों का संचालन*

*अंतू से अमेठी दोहरीकरण के बाद दोहरे रेलवे ट्रैक पर शुरू हुआ ट्रेनों का संचालन*
वाराणसी से लखनऊ वाया जंघई, प्रतापगढ़, रायबरेली रेलमार्ग पर अंतू - अमेठी के बीच दोहरे रेलवे ट्रैक पर शनिवार को हुए स्पीड ट्रायल के बाद रेलवे ने रविवार से इस ट्रैक पर ट्रेन संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। रेल संरक्षा आयुक्त व डीआरएम की मौजूदगी में हुए ट्रायल के बाद इसकी संस्तुति रेलवे को भेजी गई थी। रेलवे से नए ट्रैक पर ट्रेन संचालन की अनुमति मिलने के बाद रविवार से दोहरे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया। ट्रेनों का संचालन शुरू होने के साथ पिछले एक हफ्ते से निरस्त व परिवर्तित मार्ग पर संचालित ट्रेनों का संचालन भी इस ट्रैक पर बहाल हो गया।

उतरेटिया-अमेठी के बीच रेलवे ट्रैक दोहरीकरण का कार्य काफी पहले पूरा हो गया था। ट्रैक का कार्य पूरा होने के बाद इस पर ट्रेन का संचालन भी चल रहा है। दूसरे चरण में कई माह पूर्व अमेठी जिले के रेलवे स्टेशन अमेठी से प्रतापगढ़ जिले के रेलवू स्टेशन अंतू के बीच ट्रैक दोहरीकरण का कार्य चल रहा था। ट्रैक पर पड़ने वाली मानव रहित व मानव सहित रेलवे क्रॉसिंग पर दोहरीकरण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए 27 मार्च से दो अप्रैल तक ब्लॉक स्वीकृत किया गया था।

ब्लॉक अवधि में ट्रैक पर वाराणसी-लखनऊ के बीच संचालित दो इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप-डाउन) का संचालन निरस्त करने के साथ पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस का निर्धारित मार्ग जंघई से प्रतापगढ़ के बजाए मार्ग परिवर्तित करके जंघई से फाफामऊ,रायबरेली से संचालित किया जा रहा था। ब्लॉक अवधि में दोहरीकरण कार्य के साथ नान इंटरलॉकिंग कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को रेल संरक्षा आयुक्त एसके पाठक व डीआरएम एसके सुपरा की मौजूदगी में दोहरे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण व देर शाम स्पीड ट्रायल किया गया था। मामूली खामियों को दुरुस्त कर हुए स्पीड ट्रायल के बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने दोहरे ट्रैक पर ट्रेन संचालन की संस्तुति रेलवे को भेजी थी।
रेल संरक्षा आयुक्त की संस्तुति पर रेल विभाग ने उतेरिटया से अमेठी दोहरीकरण ट्रैक की सीमा को विस्तार देते हुए उतेरिटया से अंतू के बीच दोहरीकरण ट्रैक पर ट्रेन संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। अनुमति मिलने के बाद रविवार को अंतू से उतरेटिया के बीच दोहरे ट्रैक पर अप/डाउन ट्रेनों का संचालन भी शुरू कर दिया गया। नई व्यवस्था लागू होने से ट्रेनों की क्रॉसिंग में होने वाले विलंब से विभाग को निजात मिलेगी। वाराणसी से लखनऊ वाया जंघई,प्रतापगढ़,रायबरेली रेलमार्ग पर वाराणसी से जंघई व अंतू से लखनऊ डबल ट्रैक पर अप/डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन हो रहा है। अब सिर्फ जंघई, से प्रतापगढ़,अंतू का हिस्सा ही सिंगल ट्रैक रह गया है।अब विभाग द्वारा अंतू से चिलबिला के बीच ट्रैक दोहरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।और पुल का निर्माण भी हो गया है। महज ट्रैक बिछाने और गिट्टी डलाने का कार्य ही बचा हुआ है।

No comments:

Post a Comment