*पाकिस्तानी कलाकार ने "रबाब" पर बजाया भारतीय राष्ट्रगान,"जन गण मन"*
*_इंटरनेट पर हुआ आग की तरह वायरल_*
(उपेन्द्र श्रीवास्तव) पूर्वांचल प्रभारी Aum News
नई दिल्ली -- भारत अपनी आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को मना रहा है। पूरा देश आजादी के रंगों में रंगा हुआ है। एक ओर जहां हर तरफ तिरंगे ही तिरंगे नजर आ रहे हैं,तो वहीं सोशल मीडिया पर एक विदेशी कलाकार का वीडियो धूम मचा रहा है। इस कलाकार ने अपने वीडियो से सोशल मीडिया यूज़र का दिल गार्डन-गार्डन कर दिया है।अपने वीडियो में नजर आ रहा यह संगीतकार पड़ोसी देश पाकिस्तान का है। जो कि पाकिस्तानी वाद्य यंत्र "रबाब" पर भारतीय राष्ट्रगान "जन गण मन" को सुरीली धुन देते हुए देखा जा सकता है।
*_क्या है वायरल हो रहे वीडियो में_*
सोशल मीडिया पर छाया हुआ यह वीडियो पाकिस्तानी "रबाब" संगीतकार सियाल खान का है। वीडियो में संगीतकार भारतीय राष्ट्रगान "जन गण मन" की धुन निकालता नजर आ रहा है।इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सियाल खान पाकिस्तान के एक हरियाली से भरे शांत पहाड़ी इलाके में, वानस्पतिक पृष्ठभूमि के बीच तन्मय होकर अपनी उंगलियों से "रबाब" पर "जन गण मन" की कर्णप्रिय धुन निकालता नजर आ रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए सियाल ने कैप्शन में लिखा, "सीमा पार के मेरे दर्शकों के लिए ये रहा मेरा तोहफा"।
*_वीडियो को मिल रहा है लोगों का प्यार_*
पाकिस्तानी म्यूजीशियन जो वाद्य यंत्र "रबाब"बजा रहा है, वह एक तार वाला वाद्य यंत्र है। यह पाकिस्तान, अफगानिस्तान और कश्मीर में अत्यधिक लोकप्रिय है। पाकिस्तानी "रबाब" संगीतकार सियाल खान का यह "जन गण मन" की धुन वाला वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को अत्यधिक पसन्द आ रहा है। केवल ट्विटर पर ही वीडियो को ग्यारह लाख से अधिक बार देखा जा चुका है,जबकि 65 हजार यूजर्स ने इस वायरल वीडियो को लाइक किया है।
*_दोनों देशों से मिल रहा ढेरों कमेंट्स_*
अब इस वीडियो को भारत और पाकिस्तान दोनों देशों की तरफ से एक समान प्यार मिल रहा है। इस शानदार प्रदर्शन वाले वीडियो पर ढेरों कमेंट्स देखने को मिल रहा है। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा है, "पाकिस्तानी संगीतकार सियाल खान ने रबाब पर भारत के भारतीय राष्ट्रगान को उपहार दिया", वहीं एक दूसरे यूज़र ने लिखा,"सीमा पार से ढेर सारा प्यार ....... सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं", वहीं एक अन्य यूज़र ने वीडियो पर लिखा, "बॉर्डर पार से शानदार उपहार"।
No comments:
Post a Comment