AUM News न्यूज इंडिया ब्रेकिंग शाम 4 बजे तक*
*दिनांक-14-12-2023, दिन: गुरुवार*
✒️ *आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में फिर होगी बीजेपी की बंपर जीत, 52 सीटों पर सिमट सकती है कांग्रेस*
ताजा सर्वे के अनुसार आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की गाड़ी महज 52 से 72 सीटों की बीच रुक सकती है। इसके अलावा इंडिया गठबंधन के दल मिलकर 163 सीट जीत सकते हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में शानदार जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी का विजयरथ 2024 लोकसभा चुनाव में भी जारी रहने के आसार हैं। हॉल ही में हुए एक सर्वे में ऐसे संकेत मिले हैं। सर्वे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि कांग्रेस और खासतौर से नए विपक्षी गठबंधन इंडिया का प्रदर्शन खास नहीं होने वाला है। कितनी सीटें जीतेगी भाजपा?भाजपा की अगुवाई वाला नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस यानी एनडीए 323 सीटें अपने नाम कर सकती है। सर्वे से पता चला है कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा अकेले ही 308 से 328 सीटें जीत सकती है। हालांकि, 2019 की तुलना में एनडीए की सीटों में कुछ गिरावट का भी अनुमान लगाया जा रहा है। कांग्रेस की क्या स्थिति सर्वे के अनुसार, 2024 आम चुनाव में कांग्रेस की गाड़ी महज 52 से 72 सीटों की बीच रुक सकती है। इसके अलावा इंडिया गठबंधन के दल मिलकर 163 सीटें जीत सकते हैं। करीब 18 दलों ने मिलकर भाजपा के खिलाफ विपक्षी गठबंधन तैयार किया है। इसमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, वामदल, जनता दल यूनाइटडे, शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत कई बड़े दल शामिल हैं।
✒️ *इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला,शाही ईदगाह मस्जिद का सर्वे कराने को हिंदू पक्ष की याचिका को किया स्वीकार*
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह प्रकरण को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने सर्वे करने की मंजूरी दे दी है। एक तरफ हिंदू पक्ष की याचिका को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ ईदगाह कमेटी और वक्फ बोर्ड की दलीलों को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इससे पहले हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन ने पक्षों को सुनने के बाद 16 नवंबर को आदेश सुरक्षित रख लिया था। जन्मभूमि-ईदगाह प्रकरण में हाईकोर्ट ने 16 नवंबर को हुई सुनवाई के बाद सभी 18 केसों से संबंधित वादकारी और प्रतिवादियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया था। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया था कि सेशन कोर्ट में दाखिल 18 वादों की फाइलों को हाईकोर्ट ने अपने अधीन सुनवाई के लिए ले रखा है।
✒️ *संसद से विपक्ष के 15 सांसद निलंबित, हंगामे के चलते कल तक के लिए दोनों सदन स्थगित*
संसद के शीत सत्र के नौवें दिन संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर विपक्ष की तरफ से हंगामे के जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले मंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अनुराग ठाकुर समेत कई अन्य मंत्री और सांसद मौजूद रहे। दो व्यक्ति लोकसभा में दर्शक दीर्घा से चैंबर में घुस गए और नारेबाजी करने लगे। इस घटना पर लोकसभा सचिवालय ने बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा उल्लंघन के आरोप में आठ कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मियों की पहचान रामपाल, अरविंद, वीर दास, गणेश,अनिल, प्रदीप, विमित और नरेंद्र के रूप में की गई है। वहीं राज्यसभा में गलत बर्ताव के लिए टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। हंगामे के चलते विपक्ष के नौ और सासंदों को निलंबित कर दिया गया है। इस तरह लोकसभा से कांग्रेस के कुल 14 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है। लोकसभा में संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि कल की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी लेकिन पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के बाद एक बार फिर से स्थगित कर दी गई है।
✒️ *अयोध्या से आनंदविहार वाया लखनऊ के लिए 16 दिसंबर से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस*
अयोध्या से आनंदविहार वाया लखनऊ जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी। इसके नए रैक का आवंटन रेल कोच फैक्टरी से उत्तर रेलवे को हो गया है। 16 दिसंबर को यह रैक सौंपा जाएगा। ट्रेन में आठ कोच होंगे। इसकी समयसारिणी बनाई जा रही है। शताब्दी व तेजस एक्सप्रेस के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रूट बनाने की चुनौती से अफसरों को गुजरना होगा। रेलवे बोर्ड के एक सीनियर अफसर ने बताया कि आनंदविहार से लखनऊ होकर अयोध्या की दूरी वंदेभारत आठ घंटे में तय कर लेगी। ट्रेन सुबह चलाने की संभावनाएं हैं। चूंकि अयोध्या में अभी वंदेभारत के प्राइमरी मेंटनेंस की सुविधा नहीं है, इसलिए सुबह आनंदविहार से ट्रेन को चलाकर दोपहर में अयोध्या से वापसी की जा सकती है। अगर वंदेभारत शाम को आनंदविहार से चलाई गई तो यह रात में अयोध्या पहुंचेगी, जहां उसकी मेंटेनेंस नहीं हो सकेगी।
✒️ *पीड़िता की मौत पर परिजनों ने एक करोड़ मुआवजा,एक नौकरी व आरोपियों की बर्खास्तगी की मांग की*
अलीगढ़। कोतवाली हत्याकांड में पीड़िता की मौत होने पर परिवार और लोगों ने एक करोड़ मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी व आरोपियों की बर्खास्तगी की मांग की है। इस संबंध में पोस्टमार्टम केंद्र पर देर रात मृतका के बेटे ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापान एडीएम सिटी को सौंपा। एडीएम सिटी ने डीएम के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजने का भरोसा दिलाया। साथ में जिला स्तर पर कुछ मांगों के हल कराने की बात कही है। देर रात मेडिकल कॉलेज से महिला का शव जैसे ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा तो 500 मीटर का क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। अंदर शव का पोस्टमार्टम हो लि रहा था। बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, पूर्व विधायक विवेक बंसल, बसपा नेता सलमान शाहिद, सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, जिला महासचिव मनोज यादव, महानगर उपाध्यक्ष सलामुद्दीन, अज्जू स इशहाक आदि लोग पोस्टमार्टम नि हाउस पहुंचे। इसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बेटे ईशान म की ओर से यह लिखित मांग पत्र एडीएम सिटी को सौंपा गया। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट की ओर से शासन स्तर से पूरा कराने व कुछ मांगें जिला स्तर से पूरा कराने का भरोसा दिलाया गया।
✒️ *सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी पुरुष टी20 रैंकिंग में प्राप्त किया शीर्ष स्थान,रिंकू सिंह को भी हुई रैंकिंग मे फायदा*
भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गक्बेरहा में दूसरे टी-20 मैच में जड़े अर्धशतक की बदौलत आईसीसी पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया। सूर्यकुमार ने महज 36 गेंद में 56 बनाए जिससे उन्हें 10 रेटिंग अंक प्राप्त हुए और अब उनके कुल 865 रेटिंग अंक हो गए हैं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा (10 पायदान ऊपर 55 वें स्थान पर) और रिंकू सिंह (46 पायदान ऊपर 59वें स्थान पर) को भी रैंकिंग में फायदा हुआ। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी दो पायदान के फायदे से 10वें स्थान पर ' पहुंच गए। भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव पांच पायदान के फायदे से 32वें स्थान पर काबिज हो गए हैं।
✒️ *डीएम मेडिकल कॉलेज एसएसपी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे*
महिला की हालत बिगड़ने की खबर आने लगी तो देर रात डीएम इंद्र विक्रम सिंह जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचकर चिकित्सकों से वार्ता की। साथ में परिवार से भी बात की। इसके बाद चिकित्सकों की ओर से मृत्यु की घोषणा की गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम लाया गया तो वहां एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एसपी देहात पलाश बंसल आदि मौजूद रहे।
✒️ *दूसरे टी20 मैच में रिंकू सिंह ने छक्के से तोड़ा मीडिया बॉक्स का शीशा*
भारत साउथ अफ्रीका के दूसरे टी-20 में सकारात्मक पक्ष रिंकू सिंह और कप्तान सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी रही। दोनों बल्लेबाजों ने 68 और 56 रन की पारियां खेलीं। रिंकू सिंह का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से टी-20 विश्वकप के लिए फिनिशर के तौर पर मजबूती से दावा ठोक दिया है। रिंकू ने तो दूसरे मैच में इतना बड़ा छक्का लगाया कि उसने मीडिया बॉक्स के शीशे को भी तोड़ दिया।
✒️ *कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा के लिए बनीं कमेटियां, हर जिले में बनाए गए प्रभारी*
कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं। इसमें पूरे प्रदेश के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) अनिल यादव ने बताया कि यात्रा के लिए जिलेवार प्रभारी भी बनाए गए हैं। डॉ. निर्मल खत्री, बृजलाल खाबरी, सलमान खुर्शीद, पीएल पुनिया, अजय कपूर, संजय कपूर सहित 26 लोगों को शामिल किया गया है। वहीं सभी जिलों के एक-एक प्रभारी, मीडिया टीम में डॉ. सीपी राय व अशोक सिंह सहित 18 प्रवक्ताओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा को नैतिक पार्टी का समर्थन मिला है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र भूषण पांडेय ने बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात कर उन्हें समर्थन दिया।
✒️ *अप्रैल से बिल माफी,वसूली अक्तूबर तक,बिजली बिल जमा करने को लेकर उपकेंद्रों पर हो रही नोकझोंक*
अप्रैल से किसानों के बिजली बिल माफी की घोषणा की गई है। जबकि वसूली अक्तूबर तक की हो रही है। इसको लेकर किसान व बिल जमा करने में लगे कर्मचारियों के बीच उपकेंद्रों पर नोकझोंक हो रही है। वहीं, विभागीय अफसर इसके पीछे तकनीकी गड़बड़ी का हवाला दे रहे हैं। किसानों के लिए अप्रैल से निजी नलकूप बिल माफी की घोषणा की गई है। इसके तहत कृषि विभाग ने निजी नलकूप को मुफ्त बिजली देने के लिए ऊर्जा विभाग को 900 करोड़ का बजट भी दे दिया है। इस बीच एकमुश्त समाधान योजना शुरू हो गई है। निदेशक (वाणिज्य) पावर कॉर्पोरेशन अमित श्रीवास्तव का कहना है कि उपभोक्ताओं को सिर्फ मार्च तक का ही बिल जमा करना है। यदि कहीं समस्या आ रही है तो संबंधित एसडीओ और एक्सईएन से संपर्क करें।
✒️ *अयोध्या से दिल्ली के लिए 30 दिसंबर से पहली उड़ान भरेगी इंडिगो की फ्टाइट*
अयोध्या से दिल्ली के लिए पहली उड़ान 30 तारीख को शुरू हो रही है। यह उड़ान प्रमुख निजी एयरलाइंस इंडिगो शुरू करने जा रही है। इसकी बुकिंग बुधवार की देर शाम शुरू हो गई। शुरुआती टिकट की कीमत 7081 रुपये है। इंडिगो सूत्रों के अनुसार उड़ान संख्या 6ई 2129 दिल्ली केलिए अयोध्या से 30 दिसंबर को शाम 4 बजे उड़ान भरेगी। यह उड़ान 17:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में उड़ान संख्या 6ई 2128 11:55 बजे दिल्ली सेउड़ान भरेगी जो 13:55 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरेगी।
✒️ *अलीगढ़ में सबसे ज्यादा 4,763 निराश्रित गोवंश के लिए दिया गया आसरा*
निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए एक नवंबर से चलाए जा रहे दो माह के विशेष अभियान में अब तक 1.20 लाख से अधिक गोवंश को आसरा दिया गया है। सरकार का दावा है कि अब सिर्फ 1.06 लाख गोवंश ही सड़कों, बाजारों, खेतों में आवारा घूम रहे हैं। पशुधन विभाग के साथ-साथ पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, नगर विकास और गृह विभाग के प्रयासों की 11 दिसंबर तक की समेकित उपलब्धि 53 प्रतिशत रही है। अभियान के तहत प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक गोवंश के संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पशुपालन विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 41 दिनों में प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 24,029 और ग्रामीण क्षेत्रों में 96,433 गोवंश ( संरक्षित किए गए। गोआश्रय स्थल में गोवंश की संख्या बढ़कर 13,36,024 लाख हो गई है। अलीगढ़ में सबसे ज्यादा 4,763 गोवंश को संरक्षित किया गया।
✒️ *वेटिंग टिकट, निरस्तीकरण या तत्काल रेलवे हो रहा मालामाल*
ट्रेन में टिकट बुक कराने पर आईआरसीटीसी प्रति नॉन एसी टिकट पर 20 और एसी श्रेणी के टिकट की बुकिंग पर 40 रुपये सर्विस चार्ज लेता है। इसके अलावा 18 फीसदी जीएसटी भी वसूला जाता है। लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन की सवारी सबसे मुफीद मानी जाती है। आम आदमी के लिए यह किसी लाइफ लाइन से कम नहीं है, पर मौजूदा हालात इससे अलग हैं। रेलवे का जोर यात्री सुविधाओं पर कम और कमाई पर ज्यादा है। ट्रेनों में जनरल और स्लीपर श्रेणी के कोच घटाकर एसी श्रेणी के कोच बढ़ाए जा रहे हैं। नतीजतन यात्रा महंगी हो गई है। वहीं, एसी व जनरल श्रेणी के कोच में क्षमता से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। टिकट बुकिंग से लेकर रिफंड तक के लिए यात्रियों से कटौती की जा रही है। रेलवे ने 22 कोच की ज्यादातर ट्रेनों में जनरल कोच की संख्या चार और छह से घटाकर दो कर दी है। कुछ ट्रेनों में तो एक ही जनरल कोच लगाया जा रहा है। मजबूरन जरनल श्रेणी के यात्रियों को स्लीपर कोच में सफर करना पड़ रहा है। एसी श्रेणी के कोचों की भी यही स्थिति है। इस कारण कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
✒️ *अधिवक्ता की हत्या में आरोपियों की कुर्की का मुकदमा हुआ दर्ज*
अलीगढ़ धौर्रा रोड पर अगस्त माह में अधिवक्ता की हत्या में चार आरोपियों पर कुर्की अवहेलना का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा क्वार्सी थाने में दर्ज विवेचक स्तर से दर्ज कराया गया है। मूल रूप से जमालपुर निवासी 44 वर्षीय अधिवक्ता मो.मुगीज समरीन अपार्टमेंट धौर्रा में रहते थे और प्रापर्टी डीलिंग करते थे। उनकी अगस्त माह में हत्या की गई थी। पुलिस जांच में प्रापर्टी विवाद में हत्या होना उजागर हुआ था। इस मामले में जान मोहम्मद,संजय, योगेंद्र, रामप्रकाश, देवीराम, चंद्रशेखर, होती सिंह को नामजद किया था। इसमें पुलिस ने हरप्रसाद के भाई संजय, परिवार के योगेंद्र व उसी गांव के जान मोहम्मद को गिरफ्तार किया। बाद में प्रेमवीर, चंदन व गीतम गिरफ्तार किए गए। फरार चल रहे भगवान गढ़ी के रामप्रकाश, दरेवीराम, चंद्रशेखर व भमोला के होती सिंह के खिलाफ कोर्ट से कुर्की आदेश जारी हुए। जिसकी अवहेलना पर क्वार्सी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
✒️ *कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 75 किमी प्रतिघंटा की निर्धारित*
यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार आधी रात से अधिकतम रफ्तार 75 किमी घंटा हो जाएगी। इससे अधिक रफ्तार से चलाने पर चालान कटेगा। सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए यह बदलाव किया गया है। यमुना प्राधिकरण के निर्देश पर बृहस्पतिवार आधी रात से एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहनों की अधिकतम रफ्तार को सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा व भारी वाहनों की अधिकतम रफ्तार 60 किमी कर दी जाएगी। 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक एक्सप्रेस-वे पर गति सीमा घटी रहेगी। यमुना एक्सप्रेस वे गौतमबुद्ध नगर को आगरा से जोड़ता है। प्रतिदिन एक्सप्रेस-वे पर तकरीबन 35 हजार वाहन गुजरते हैं।
✒️ *एलकेजी में 11 जनवरी से 14 जनवरी तक किए जाएंगे पंजीकरण*
खेड़ा खुशखबर स्थित संत फिदेलिस स्कूल में एलकेजी में प्रवेश के लिए पंजीकरण फार्म 11 से 14 जनवरी 2024 तक स्कूल वेबसाइट पर मिलेंगे। फार्म व फीस रसीद जमा करने की अंतिम तिथि 15, 16, व 17 जनवरी है। नियमानुसार बच्चे की आयु एक अप्रैल 2024 को चार वर्ष दो माह पूरी होनी चाहिए। तीन साल सात माह से चार वर्ष छह माह तक की आयु वाले भी आवेदन कर सकेंगे। 15 फरवरी को सूची जारी होगी।
✒️ *सिपाही की तबीयत बिगड़ने से उपचार के दौरान हुई मौत*
कोतवाली में तैनात एक कांस्टेबल की 13 दिसंबर को अचानक तबीयत खराब हो गई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सहारनपुर जिले के ननौता थाने के गांव खुडाना के राजेश पुंढीर (40) सेना से सेवानिवृत होने के बाद यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वह अपनी पत्नी रीता पुंढीर, बेटी हनी व बेटा ध्रुव के साथ कोतवाली में ही रह रहे थे। कुछ दिन से वह बीमार थे और सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जेवर के कैलाश हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को उनके गांव भिजवा दिया।
✒️ *परिवहन निगम ने बढ़ते कोहरे के चलते 20 दिसंबर तक बसों में ऑल वेदर व फॉग लाइट लगाने के दिए निर्देश*
पारा तेजी से गिरने पर रात की ठिठुरन बढ़ने के साथ ही कोहरा के दस्तक देने से पहले परिवहन निगम ने सभी क्षेत्रों को 20 दिसंबर तक बसों में आल वेदर या फाग लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं। बस स्टेशनों पर सुपरवाइजर व रात्रि प्रभारी तैनात होगा, जो कोहरे की स्थिति देखकर बसों को रवाना करने या रोकने का निर्णय लेगा। रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने सोमवार को सभी 20 क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करके ठंड व कोहरे से निपटने की तैयारियां परखी थीं। एमडी ने निर्देश दिया कि सभी बसों में 20 दिसंबर तक आल वेदर या फाग लाइट जरूर लगा दी जाए।
✒️ *टोल फ्री न होने पर भड़की भाकियू किसान सेना,टोल प्लाजा पर किया हंगामा*
भाकियू किसान सेना के पदाधिकारियों ने 13 दिसंबर को किसान नेताओं की गाड़ियां नि:शुल्क निकलवाने व स्थानीय किसानों की समस्याओं को लेकर टोल पर हंगामा किया। टोल प्रबंधन व पुलिस ने किसान नोताओं को समझाबुझाकर शांत कराया। किसान नेताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। भाकियू किसान सेना के जिलाध्यक्ष राहुल यादव व राष्ट्रीय संगठन प्रभारी मोहम्मद शमी के नेतृत्व में दर्जनभर कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंच कर टोल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा करने लगे। किसान नेताओं ने कहा कि कार्ड दिखाने के बावजूद टोल कर्मचारी गाड़ियों को फ्री नहीं निकालते हैं। पदाधिकारियों से अभद्रता भी करते है। सूचना पर प्रभार निरीक्षक सुधीर कुमार पहुंच गए। टोल प्रबंधन व पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कर दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन टोल मैनेजर दिनेश कुमार व प्रभारी निरीक्षक को दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान न किया गया तो भाकियू किसान सेना उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
✒️ *बिजली खंभे से गिरकर लाइनमैन हुआ गंभीर रूप से घायल*
महानगर अलीगढ़ के ऊपरकोट चंदन शहीद फीडर पर चल रहे काम के दौरान पोल से गिरकर लाइनमैन घायल हो गया। जिसे तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऊपरकोट के चंदन शहीद फीडर के पठान मोहल्ले में बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसे बुधवार को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान पोल पर चढ़े लाइनमैन संतोष कुमार पुत्र विशाल सिंह एक्सलपी केबल उतार रहे थे। केबल का वजन अधिक होने की वजह से संतोष का बैलेंस बिगड़ गया। बैलेंस बिगड़ने पर वह धड़ाम से नीचे गिर गया। उसकी हालत को देखते हुए तत्काल उसे मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भी उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अधिकारी उसका उपचार दिल्ली लेकर कराने के प्रयास में हैं। बताया जा रहा है उसकी पसली और कोहनी में गंभीर चोट हैं।
✒️ *पैसा बचाने में काम आएगा अब गूगल मैप*
सोशल मीडिया एप गूगल मैप का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए फ्यूल पर लगने वाले पैसों को बचाया जा सकता है। गूगल मैप्स के फ्यूल सेविंग फीचर का इस्तेमाल अब भारतीय यूजर्स भी कर सकते हैं। मालूम हो कि गूगल मैप्स का यह फीचर पहले केवल अमेरिका, कनाडा और यूरोप में रहने वाले लोग ही इस्तेमाल कर पा रहे थे। दरअसल, इस फीचर को इनेबल करने के साथ ही मैप्स फ्यूल बचाने के तरीकों पर काम करता है।
✒️ *उड़ान सोसायटी ने 20वां स्थापना दिवस बेरोजगारों को रोजगार देकर मनाया*
उड़ान सोसायटी ने अपना 20वां स्थापना दिवस बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार का साधन मुहैया कराकर मनाया। स्व. दुर्गा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित नगला महतापुर इगलास स्थित कौशल विकास केन्द्र पर वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रणवीर सिंह द्वारा किया गया। सहायक सेवा योजन अधिकारी मनोज कुमार भारती ने कहा कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिभागी 11 कंपनियों के सापेक्ष 402 अभ्यर्थियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया जिनमे 279 अभ्यर्थी चयनित किए गए। कुछ कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों ऑफर लेटर वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उड़ान सोसायटी से राकेश कुमार, सेवायोजन कार्यालय से मेला प्रभारी देवेन्द्र कुमार सिंह, योगेश कुमार शर्मा, सुशील कुमार सिंह, सोरेन सिंह, राजेश कुमार, चन्द्र प्रताप सिंह, प्रतीक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
✒️ *सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म गूगल नए साल में बंद करेगा दो ऐप*
गूगल नए साल से 2 ऐप्लिकेशन को एंड्रॉइड डिवाइस और एंड्रॉइड टीवी से हटाने वाली है। गूगल अपनी दो एंटरटेनमेंट सर्विस गूगल प्ले मूवीज और गूगल टीवी की जी सर्विस को नए साल से बंद करने वाली है। यानि आप इन ऐप्लिकेशन को आगे यूज नहीं कर पाएंगे। कंपनी ने इन ऐप्लिकेशन को एंड्रॉइड और आईओएस से हटाना शुरू कर दिया है। साथ ही स्मार्ट टीवी और रोकू से भी इन ऐप्स को रिमूव किया जा रहा है। कंपनी ने 2022 में एंड्रॉइड टीवी को डिफॉल्ट ऐप बनाते हुए यूजर्स को मूवी और शो को रेंट, खरीदने और देखने की सुविधा दी थी।
✒️ *अवैध रूप से संचालित हो रही औद्योगिक इकाइयां होंगी बंद*
रामघाट रोड़ स्थित जनकपुरी में अवैध रूप से संचालित हो रही औद्योगिक इकाइयां बंद होंगी। इकाइयों को आवासीय क्षेत्र से बंद कर दूसरी जगह स्थानांतरित करना होगा। 'प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. जेपी सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्षेत्र के औद्योगिक कचरे से सीवर लाइन जाम होने की समस्या का संज्ञान लेते हुए स्थालीय निरीक्षण किया था। इस दौरान तो फैक्टरियां चलती मिलीं। अब फैक्टरी संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। जनकपुरी में पिछले काफी दिनों से सीवर लाइन चोक होने की समस्या बनी हुई है।स्थानीय लोगों ने इसको लेकर नगर निगम सहित कई विभागों में शिकायत की थी। खुद महापौर प्रशांत सिंघल भी इस समस्या के समाधान के लिए निरीक्षण को पहुंचे थे।
✒️ *व्हॉट्सऐप पर जरूरी मैसेज पिन करने की मिलेगी सुविधा*
सोशल मीडिया प्लेटफटर्म मेटा के मशहूर चैटिंग ऐप व्हॉट्सऐप के बहुत जल्द वॉट्सऐप पर जरूरी मैसेज को पिन करने की सुविधा मिलने जा रही है। व्हॉट्सऐप पर चैट पिन करने के साथ यह चैट लिस्ट में टॉप पर रहती है। हालांकि, व्हॉट्सऐप यूजर एक बार में केवल तीन ही चैट को पिन कर सकता है। ठीक इसी तरह चैट के अलावा, अब मैसेज को भी पिन किया जा सकेगा। हालांकि, व्हॉट्सऐप पर यूजर को काम के कुछ ही जरूरी मैसेज को पिन करने की सुविधा मिलेगी।
No comments:
Post a Comment