Showing posts with label #क़ौम की तरक़्क़ी. Show all posts
Showing posts with label #क़ौम की तरक़्क़ी. Show all posts

Thursday, 12 November 2026

क़ौम की तरक़्क़ी के लिए सिर्फ़ इमारतें नहीं, इल्म, हुनर, रोज़गार और अच्छे कामों में पैसा लगाना भी ज़रूरी है*

*क़ौम की तरक़्क़ी के लिए सिर्फ़ इमारतें नहीं, इल्म, हुनर, रोज़गार और अच्छे कामों में पैसा लगाना भी ज़रूरी है*

* *दीनी इदारों की मज़बूती से लेकर बच्चों की पढ़ाई, नौजवानों के रोज़गार और समाज सेवा करने वाली संस्थाओं की मदद तक, अब वक़्त आ गया है कि हम दिखावे और फ़िज़ूलख़र्ची से आगे बढ़कर, अपनी आने वाली नस्लों का भविष्य बनाने में भी अपनी दौलत और ताक़त लगाएं।*


*1. अल-जामिअतुल अशरफ़िया जैसी बड़ी इल्मी संस्थाएं हर इलाक़े में क्यों नहीं?*

     हमारे देश में अल जामिअतुल अशरफ़िया, मुबारकपुर जैसे बड़े दीनी इदारे मौजूद हैं। यहां से ऐसे उलमा, हाफ़िज़, क़ारी, मुफ़्ती और दूसरे माहिर लोग तैयार हुए हैं, जिन्होंने देश और समाज में अपनी पहचान बनाई है।
हमें ऐसे ही अच्छे दीनी इदारों की ज़रूरत देश के दूसरे हिस्सों में भी है, ताकि हमारी आने वाली नस्लों को अच्छी दीनी ताअ़लीम मिल सके और क़ौम को इल्म की कमी का सामना न करना पड़े।
लेकिन सवाल सिर्फ़ दीनी ताअ़लीम का नहीं है। हमारे बच्चों को अच्छे स्कूल और कॉलेज, अंग्रेज़ी, कंप्यूटर, तकनीकी हुनर और रोज़गार के मौक़े भी मिलने चाहिए। मदरसों से पढ़ने वाले नौजवानों के लिए भी, आगे बढ़ने और अपने पैरों पर खड़े होने के रास्ते तैयार किए जाने चाहिए।
हमें ऐसे बच्चे तैयार करने हैं, जो दीन का इल्म भी रखते हों और दुनिया के मैदान में भी अपनी क़ाबिलियत साबित कर सकें।

*2. जलसों और दिखावे पर ख़र्च है, बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा कहाँ है?*

     हम जलसे करें, मस्जिदें बनाएं, मदरसे चलाएं। ये सब अच्छे और ज़रूरी काम हैं लेकिन क्या हमारी ज़िम्मेदारी यहीं तक सीमित है?
हमारे आसपास ऐसे कितने बच्चे हैं जो सिर्फ़ पैसों की कमी के कारण अच्छी पढ़ाई नहीं कर पाते। कितने नौजवान हैं जिन्हें सही सलाह, कंप्यूटर की ट्रेनिंग या कोई हुनर सीखने का मौक़ा नहीं मिलता। कितने होनहार बच्चे फीस और किताबों के इंतज़ाम में पीछे रह जाते हैं।
अगर हम हर इलाक़े में पढ़ाई के लिए मदद का इंतज़ाम करें, ग़रीब बच्चों की फीस भरें, किताबें दिलाएं, लाइब्रेरी बनाएं और नौजवानों को काम सीखने के मौके दें, तो आने वाले कुछ सालों में बड़ा बदलाव आ सकता है।
सवाल यह है कि हम अपने बच्चों के भविष्य के लिए कितना पैसा और कितना समय दे रहे हैं?

*3. मालदार लोग आगे आएँ, काम करने वाली संस्थाओं का साथ दें*

     हमारे समाज में ऐसे बहुत से व्यापारी, कारोबारी, डॉक्टर, वकील और दूसरे मालदार लोग हैं जो चाहें तो हर साल, कई बच्चों की पढ़ाई का पूरा इंतज़ाम कर सकते हैं।
लेकिन मदद देने से पहले यह देखना भी ज़रूरी है कि जिस संस्था को पैसा दिया जा रहा है, वह वास्तव में क्या काम कर रही है? उसके काम का रिकॉर्ड क्या है? पैसा कहां ख़र्च हो रहा है? कितने लोगों को फ़ायदा पहुंच रहा है?
जो संस्थाएं, बिना दिखावे के ज़मीन पर काम कर रही हैं, जिनके काम का हिसाब और सबूत मौजूद हैं, उन्हें आगे बढ़कर मदद दीजिए।
हर बार सिर्फ़ उन्हीं लोगों को पैसा देना ज़रूरी नहीं, जो घर घर जाकर "चंदा" मांगते हैं। उन संस्थाओं को भी पहचानिए, जो अपनी सीमित हैसियत के बावजूद, लोगों की मदद कर रही हैं और जिन्हें सही काम के लिए आर्थिक सहयोग की ज़रूरत है।
मदद वहाँ पहुंचनी चाहिए, जहाँ उसका सही इस्तेमाल हो और किसी की ज़िंदगी में वास्तविक बदलाव आए।

*4. ग़ौसे आज़म फाउंडेशन की कोशिशों को भी देखिए*

     ग़ौसे आज़म फाउंडेशन (GAF), एक रजिस्टर्ड चैरिटेबल ट्रस्ट है, जो अपनी सीमित हैसियत के बावजूद दीनी, सामाजिक और जनसेवा के कामों में लगा हुआ है।
फाउंडेशन की कोशिश रहती है कि लोगों की मदद की जाए, ज़रूरतमंदों तक पहुंचा जाए और समाज की समस्याओं के समाधान में अपनी भूमिका निभाई जाए। GAF नियमित रूप से घर घर जाकर, चंदा इकट्ठा करने के बजाय, अपनी उपलब्ध क्षमता और संसाधनों से काम करने की कोशिश करता है।
लेकिन एक संस्था के अच्छे इरादे और मेहनत के साथ साथ, उसे आगे बढ़ाने के लिए, लोगों का सहयोग भी ज़रूरी होता है।
हम देश के कारोबारियों, मालदार लोगों और समाज के ज़िम्मेदार लोगों से अपील करते हैं कि ऐसी संस्थाओं के काम को देखें, उनके काम का हिसाब समझें और जहाँ भरोसा हो, वहाँ दिल खोलकर सहयोग करें।
सिर्फ़ तारीफ़ करने से काम आगे नहीं बढ़ता। अच्छे काम करने वालों का साथ देना भी ज़रूरी है।

*5. शादियों में लाखों ख़र्च लेकिन बच्चों की पढ़ाई के लिए सोच इतनी छोटी क्यों?*

     हमारे समाज में शादी ब्याह ख़ुशी के मौक़े हैं। हर परिवार अपनी हैसियत के अनुसार शादी करे, इसमें कोई बुराई नहीं। लेकिन जब शादी में दिखावे, मुक़ाबले और बेवजह की फ़िज़ूलख़र्ची पर लाखों रुपये लगा दिए जाते हैं, तो हमें एक बार अपने आसपास के ग़रीब बच्चों को भी याद करना चाहिए।
एक तरफ़ शादी में खाने की इतनी चीज़ें बनती हैं कि बहुत सा खाना बर्बाद हो जाता है, दूसरी तरफ़ किसी ग़रीब बच्चे के पास स्कूल की फीस और किताबों के पैसे नहीं होते।
ज़रा सोचिए, अगर हम अपनी फ़िज़ूलख़र्ची में थोड़ी कमी करके, किसी बच्चे की पढ़ाई का ज़िम्मा उठा लें, किसी नौजवान को हुनर सिखा दें या किसी ज़रूरतमंद परिवार की मदद कर दें, तो कितनी ज़िंदगियां बदल सकती हैं।
यह किसी की ख़ुशी रोकने की बात नहीं बल्कि ख़ुशी के साथ अपनी सामाजिक ज़िम्मेदारी निभाने की बात है।

*अब फ़ैसला हमें करना है*

     हमें मस्जिदों और मदरसों की भी ज़रूरत है, अच्छे स्कूलों और कॉलेजों की भी। हमें दीनी ताअ़लीम देने वाले उलमा भी चाहिए और डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, शिक्षक, कारोबारी और हुनरमंद नौजवान भी।
हमें ऐसे छात्रवृत्ति फंड बनाने होंगे, जिनसे ग़रीब और होनहार बच्चों की पढ़ाई जारी रह सके। हर शहर और क़स्बे में करियर की सही सलाह, कंप्यूटर और तकनीकी ट्रेनिंग तथा रोज़गार से जुड़ी मदद का इंतज़ाम करना होगा। बेटियों की ताअ़लीम और उनके सुरक्षित भविष्य पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।
याद रखिए, क़ौम का भविष्य सिर्फ़ बड़ी इमारतों से नहीं, बल्कि पढ़े लिखे, हुनरमंद और अच्छे किरदार वाले बच्चों से बनता है।
उलमा की इज़्ज़त कीजिए, दीनी इदारों का साथ दीजिए, समाज सेवा करने वालों की हौसला अफ़ज़ाई कीजिए लेकिन जहाँ ज़रूरत हो, वहाँ अपना पैसा, अपना समय और अपनी मेहनत भी लगाइए।
तारीफ़ से हौसला मिलता है, मगर सहयोग से काम आगे बढ़ता है।
मस्जिदों की मीनारें ऊंची हैं, अब बच्चों के भविष्य को भी ऊंचा उठाइए।
जलसों में भीड़ जुटती है, अब ताअ़लीम के लिए भी लोगों को जोड़िए।
दौलत आपके पास है, अब उसका कुछ हिस्सा क़ौम के बच्चों के भविष्य पर भी लगाइए।
क्योंकि आज जिस बच्चे की पढ़ाई में हम मदद करेंगे, कल वही बच्चा इस्लाम, क़ौम और देश का नाम रोशन कर सकता है।

     *सूफ़ी सैफुल्लाह क़ादरी*
चेयरमैन एवं चीफ़ क़ाज़ी: *GHAUSE AZAM FOUNDATION* जयपुर | राजस्थान | 93586 49187